हरिद्वार, (पंजाब केसरी): कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के मारपीट का वीडियो वायरल होने पर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेसियों ने चंद्राचार्य चौक पर प्रदर्शन कर प्रेमचंद अग्रवाल की बर्खास्तगी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। भाजपा सरकार में शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का सरेराह मारपीट का वीडियो वायरल हो गया। जबकि कैबिनेट मंत्री ने इस मारपीट को लेकर अपनी सफाई भी दी है, लेकिन कैबिनेट मंत्री के इस व्यवहार को लेकर राज्य की भाजपा सरकार राजनीतिक पार्टियों के निशाने पर है। बुधवार को महानगर कांग्रेस ने चंद्राचार्य चौक पर प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने मारपीट करने वाले भाजपा सरकार के कैबिनेट मंत्री को बर्खास्त करने की मांग भी की। भारी बारिश के बीच महानगर कांग्रेस के इस प्रदर्शन में काफी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। महानगर कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि एक कैबिनेट मंत्री द्वारा बीच सड़क पर मारपीट करने पर की घटना नियम विरुद्ध है और उनकी गरिमा के अनुरूप भी नहीं है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री के तौर पर ली गई शपथ को भी तोड़ने का काम किया है और हम यह मांग करते हैं कि मुख्यमंत्री को इस कृत्य के लिए उनको बर्खास्त किया जाना चाहिए। उधर दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के ज़िला कार्यालय में मीटिंग में प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार से सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल ने बीच सड़क पर मारपीट की है। उत्तराखंड के लिए के दुर्भाग्यपूर्ण है। बीजेपी को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आप भाजपा के कैबिनेट मंत्री के आवास के बाहर धरना देगी। जिलाध्यक्ष संजय सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी जिलेभर में प्रेमचंद के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि कानून बनाने वाले ही सारेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने कैबिनेट मंत्री पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की मांग की है। सचिन बेदी ने कहा कि आप पीड़ित व्यक्ति के साथ खड़ी है और भाजपा सरकार ने प्रेमचंद अग्रवाल को कैबिनेट मंत्री के पद से बर्खास्त करने की मांग करती है। बैठक अनिल सती, पवन कुमार, राकेश लोहाट, रेखा देवी आशीष गौड़ मयंक गुप्ता, किरण दुबे, अशोक कुमार गीता देवी, आनंद भास्कर ऋषभ सौनी, आदि उपस्थित रहे।