देश में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन में बंद किए गए स्कूलों को धीरे-धीरे खोला जा रहा है। वहीं गुजरात में आज से प्रदेश सरकार की अनुमति के बाद स्कूलों को खोल दिया गया है। कोरोना वायरस महामारी, लॉकडाउन और अनलॉक के करीब 10 महीने के अंतराल के बाद राज्य में कक्षा 10 और 12 के छात्रों के लिए स्कूल खोल दिए गए है।
शेष कक्षाओं के लिए स्कूलों को खोलने का निर्णय आने वाले दिनों में कोरोना की स्थितियों को देखते हुए निर्णय लिया जाएगा। राज्य सरकार ने सभी स्कूलों से कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन करने को कहा है। इसके साथ ही स्नातक और स्नातकोत्तर के लिए फिर से कॉलेज खुलेंगे। अंतिम वर्ष कोविड-19 रोकथाम मानक संचालन प्रक्रियाओं और माता-पिता की सहमति के अनिवार्य अनुपालन के साथ यह होगा।
राज्य के शिक्षा मंत्री भूपेंद्र सिंह चुडासमा ने कहा कि छात्रों को स्कूलों में आने के दौरान अपने माता-पिता की सहमति लेनी होगी। कई राज्यों ने एक जनवरी 2021 से ही अपने शैक्षणिक संस्थानों को फिर से खोल दिया था। गृह मंत्रालय ने संबंधित राज्य सरकारों के निर्णय के अनुसार 2020 में देश के स्कूलों और कॉलेजों को फिर से खोलने की अनुमति दी थी।
यह निर्णय भारत में कोविड-19 मामले में आई कमी को मद्देनजर लिया गया है। जिन राज्यों में स्कूल खुल रहे हैं वहां पर कोविड-19 दिशा-निर्देशों का पालन सख्ती से करने को कहा गया है। कर्नाटक, केरल, पंजाब, बिहार और ओडिशा सहित कई ने पहले ही कक्षाएं शुरू कर दी हैं।