रायगढ़ इमारत ढहने के बाद एक की मौत, 16 लोग अब भी लापता, PM मोदी ने हताहतों के प्रति जतायी संवेदना

Summary :

पीएम मोदी ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा, ‘महाराष्ट्र के रायगढ़ के महाड में इमारत ढहने की जानकारी मिलने से व्यथित हूं।”

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में पांच मंजिला आवासीय इमारत गिरने के हादसे के एक दिन बाद भी बचावकर्मियों ने मलबे में जीवितों की तलाश जारी रखी, वहीं पुलिस ने कहा कि 16 लोग अब भी लापता हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के रायगढ़ में इमारत ढहने से हताहत हुए लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

पीएम मोदी ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा, ‘महाराष्ट्र के रायगढ़ के महाड में इमारत ढहने की जानकारी मिलने से व्यथित हूं। मेरी उन परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना है जिन्होंने अपने प्रियजनों को इस हादसे में खो दिया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय और एनडीआरएफ के दल घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं और हरसंभव मदद मुहैया कराई जा रही है।”

बता दें कि रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक बताया कि मलबे से अब तक आठ लोगों को बचाया गया है और 16 लोग अब भी लापता हैं। उन्होंने बताया कि इमारत ढहने के दौरान पत्थर गिरने से चोटिल हुए एक शख्स की सोमवार रात दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गयी। उन्होंने कहा, ‘‘ यह व्यक्ति इस इमारत में नहीं रहता था, लेकिन जिस समय यह गिरी तब वहां पास से निकल रहा था और उसे पत्थर लगा। उसकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई।’’
राज्य आपदा प्रबंधन इकाई के मंत्रालय राज्य नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि महाड तहसील के काजलपुरा में ‘तारक गार्डन’ इमारत सोमवार देर शाम करीब सात बजे ढह गयी। अधिकारी ने बताया कि इमारत में करीब 40 फ्लैट थे। उन्होंने बताया कि बचाये गये लोगों को महाड के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जगह मुंबई से करीब 170 किलोमीटर दूर है। बचाव कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम मौके पर काम कर रही है।

प्रियंका का योगी सरकार पर वार, कहा- UP की सड़कों पर अपराध करता है तांडव

Desk Team