प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम के चबुआ में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुझे यह देखकर तकलीफ हुई कि इस देश की एक ऐसी पार्टी जो सबसे पुरानी पार्टी, जिसने इस देश पर 50-55 साल शासन किया। ऐसी कांग्रेस पार्टी आज भारत की चाय की पहचान को मिटाने वालों का खुलेआम समर्थन कर रही है।
टूलकिट में असम की चाय और हमारे ऋषि मुनियों द्वारा दिए गए योग को बदनाम करने की योजना तैयार की गई
पीएम मोदी ने कहा कि चबुआ के तो नाम में ही चाय है। यहां रोपा गया चाय का पौधा आज दुनिया में कहां-कहां अपनी सुगंध फैला रहा है, ये हम सभी जानते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आपने एक टूलकिट की चर्चा सुनी होगी, इस टूलकिट में असम की चाय और हमारे ऋषि मुनियों द्वारा दिए गए योग को दुनिया में बदनाम करने की योजना तैयार की गई। ऐसी साजिश रचने वालों को कांग्रेस पार्टी समर्थन करे और असम में वोट मांगने की हिम्मत करे। कांग्रेस को हम माफ कर सकते हैं क्या?
कांग्रेस आज उस पार्टी के साथ गठबंधन के साथ मैदान में उतरी है जो असम के लिए अपने आप में एक बहुत बड़ा खतरा है
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज उस पार्टी के साथ गठबंधन के साथ मैदान में उतरी है जो असम की अस्मिता, असम की संस्कृति के लिए अपने आप में एक बहुत बड़ा खतरा है, बहुत बड़ा संकट है। पीएम मोदी ने कहा कि ये (कांग्रेस) वही लोग हैं जिन्होंने चाय के बागानों में काम करने वाले हमारे भाई-बहनों पर कभी भी ध्यान नहीं दिया… असम के लोगों को इन लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है। एक चायवाला आपके दर्द को नहीं समझेगा तो कौन समझेगा।
असम के किसानों की आय बढ़ाने के लिए, भाजपा सरकार निरंतर काम कर रही है
उन्होने कहा कि असम के नौजवानों को नए अवसर देने के लिए, असम में उद्योगों के लिए बेहतर माहौल बनाने के लिए, असम की महिलाओं को और सशक्त करने के लिए, असम के किसानों की आय बढ़ाने के लिए, भाजपा सरकार निरंतर काम कर रही है।
बीते पांच वर्षों में असम ने जो हासिल किया है अब कांग्रेस उसे लूटना चाहते हैं
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस और उसके साथी इसी समय का लाभ उठाना चाहते हैं। बीते पांच वर्षों में असम ने जो हासिल किया है अब वो उसे लूटना चाहते हैं। इसलिए आपको सतर्क रहना है। आपको याद रखना है कि कांग्रेस अपने फायदे के लिए किसी को भी दांव पर लगा सकती है। पीएम मोदी ने कि आपको याद रखना है कि ये वही कांग्रेस है, जिसने मूल निवासियों को जमीन का अधिकार देने के लिए कभी भी गंभीर कदम नहीं उठाए। यहां के मूल निवासियों को जमीन के पट्टे देने का काम सर्बानंद जी के नेतृत्व में NDA की सरकार ने ही शुरू किया।
कभी देश की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस, आज सिमटती जा रही है
प्रधानमंत्री ने कहा कि कभी देश की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस, आज सिमटती जा रही है। कारण बिल्कुल साफ है। कांग्रेस में प्रतिभा के प्रति सम्मान नहीं है, सत्ता का लालच सर्वोपरि है। सत्ता के लिए ये किसी का भी साथ ले सकते हैं, किसी का भी साथ दे सकते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ हमारी सरकार, सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के पवित्र मंत्र पर काम कर रही है, वहीं दूसरी तरफ, कांग्रेस आज झूठी घोषणाओं का भोंपू बनकर रह गई है। उसकी ये सच्चाई देश भर के लोग देख भी रहे हैं, समझ भी रहे हैं।
असम में शांति बनाए रखने के लिए, स्थिरता बनाए रखने के लिए एनडीए सरकार की निरंतर जरूरत
पीएम मोदी ने कहा कि असम में शांति बनाए रखने के लिए, स्थिरता बनाए रखने के लिए बीजेपी सरकार की, एनडीए सरकार की निरंतर जरूरत है। ये समय असम के भविष्य के लिए बहुत अहम है। ये समय आत्मविश्वास का है, आत्मनिर्भरता का है।