असम बाढ़ से बुरी तरह से प्रभावित हैं, लगातार हो रही बारिश ने लोगो की समस्याओं को बढ़ा दिया है। राज्य के कई हिस्से बाढ़ की गंभीर स्थिति से जूझ रहे हैं। असम में बाढ़ से बिगड़ते हालात को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से फोन पर बात की और बाढ़ की स्थिति की जानाकरी ली।
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने पीएम मोदी से बातचीत के बाद ट्वीट कर बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बाढ़ की स्थिति के बारे में जानने के लिए फोन किया और इससे निपटने के लिए असम को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। सरमा ने संकट के इस समय में साथ खड़े रहने के लिए पीएम मोदी का आभार भी जताया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘मौजूदा बाढ़ ने लोगों की आजीविका को बुरी तरह से प्रभावित किया है। संकट की इस घड़ी में हमारे साथ खड़े रहने के लिए पीएम मोदी का आभार।’
Adarniya Pradhan Mantri @narendramodi ji telephoned today to enquire about flood situation & assured all help to Assam to combat this menace.
Current flood has gravely impacted livelihoods of people. My gratitude to Adarniya Modi Ji for standing with us at this hour of crisis.
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) August 31, 2021
बाढ़ की स्थिति सोमवार को और ज्यादा बिगड़ गई जिससे दो लोगों की जान चली गई और 21 जिलों में 3.63 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। यह जानकारी एक आधिकारिक बुलेटिन में दी गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के मुताबिक, बारपेटा जिले के चेंगा और मोरीगांव के मायोंग में बाढ़ के पानी में एक-एक बच्चे डूब गए।
असम का सबसे अधिक बाढ़ प्रभावित जिला लखीमपुर है, जहां 1.3 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इसके बाद माजुली में लगभग 65,000 लोग और दरांग में 41,300 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। रविवार तक जहां राज्य के 14 जिलों में बाढ़ से 2.58 लाख से अधिक लोग प्रभावित थे। वहीं आज असम के 21 जिलों के 950 गांवों में बाढ़ की स्थिति है और भारी बारिश से कुल 3,63,135 लोग प्रभावित हुए हैं। 30 अगस्त तक राज्य में कुल 44 राहत शिविर खोले गए हैं।