इन दिनों एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को देखकर भावुक हो गए हैं। इस वीडियो को जिसने भी देखा है उसकी आंखें नम हो गईं। इस वीडियो में दिखाई दे रहा है कि मां के सामने उसके जवान बेटे की लाश पड़ी हुई है और वह बेसुध होकर उसका पसंदीदा गाना गाती हुई नजर आई। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लोग शेयर करते हुए कमेंट में लिख रहे हैं कि मां ऐसी ही होती है। बता दें कि छत्तीसगढ़ के राजनंदगांव का यह मामला है।
इस वीडियो में जो महिला गाना गा रही है उनका नाम पूनम विराट बताया जा रहा है। लोकप्रिय लोक गायक दीपक विराट की पत्नी पूनम हैं। लोक कला दुनिया में पूनम विराट भी मशहूर हैं। बीते 2 नवंबर को दीपक विराट और पूनम विराट के बेटे सूरज विराट की मृत्यु हो गई थी। पूनम और विराट के 30 साल के जवान बेटे की मृत्यु हो गई। जवान बेटे की लाश के सामने पूनम ने बेटे की ही इच्छा पूरी करते हुए गाना गाया।
छत्तीसगढ़ के लोक कला मंच पर सूरज विराट भी गाना गाते थे और वह बहुत लोकप्रिय भी थे। सैकड़ों बार मंचों पर चोला माटी के राम गीत पूनम विराट ने गाया है। पूनम विराट को इसी गाने से पहचाना जाता है। बता दें कि यह गाना उनके बेटे को भी बहुत पसंद था। पूनम के बेटे सूरज हमेशा चाहते थे कि वह जब भी इस दुनिया से जाएंगे तो यह गाना उनकी अंतिम यात्रा में गाया जाए।
पूनम को यह जिम्मेदारी समय ने आखिर सौंप ही दी। पूनम ने अपने बेटे की लाश के सामने उसकी ही आखिरी इच्छा को पूरा करते हुए यह गीत गाया। वहां पर मौजूद एक शख्स ने इस वाकया का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया। मां के इस प्यार और हिम्मत को हर यूजर सलाम कर रहा है।
इस वीडियो पर यूजर्स कमेंट करते हुए बोल रहे हैं कि शत् शत् प्रणाम ऐसी मां को। जबकि अन्य लोगों ने कहा है कि कभी-कभी ऐसी चीजें ईश्वर देखने को मजबूर कर देता है जिसे शायद ही कोई मां-बाप देखना चाहे। पूनम विराट ने जिस तरह से अपने बेटे को अंतिम विदाई दी है उसे देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया है और यह यूजर्स के दिलों दिमाग पर लंबे समय तक रहेगा।