मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नर्मदा जयंती पर हर दिन एक पेड़ लगाने को लेकर लिए संकल्प के बीच आज राजधानी भोपाल के स्मार्ट सिटी के समीप सीता-अशोक का पेड़ लगाया। चौहान ने ट्वीट के माध्यम से कहा ‘भोपाल के स्मार्ट सिटी रोड स्थित स्मार्ट पार्क में सीता अशोक का पेड़ लगाया। मैं प्रतिदिन पेड़ लगा रहा हूं। आपसे भी आग्रह है कि जन्मदिन, विशेष अवसरों या परिजनों की स्मृति में पेड़ लगाकर धरती को बचाने में योगदान दें। अपार आनंद की अनुभूति होगी, क्योंकि हम धरती मां की सेवा करेंगे।
चौहान ने लिखा कि यदि वास्तु के अनुसार, सीता अशोक के पेड़ को लगाया जाए या उसका उपयोग किया जाए, तो कई तरह के चमत्कारिक फायदे पाए जा सकते है। सीता-अशोक का पेड़ नारी शक्ति को शारीरिक व मानसिक ऊर्जा देने में सफल माना जाता है। यदि माताएं-बहनें सीता अशोक के पेड़ पर रोज जल चढ़ाएं, तो उनकी इच्छाएं होने के साथ घर में पॉजिटिव एनर्जी का प्रवाह बढ़ता है। घर में सीता अशोक के वृक्ष होने से सुख, शांति व समृद्धि बनी रहती है।