हल्द्वानी : अल्मोड़ा कैंपस को विश्वविद्यालय की मांग लंबे समय से चली आ रही थी। जिसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने अल्मोड़ा में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय की स्थापना का निर्णय लिया है। इस विवि से सीमांत क्षेत्रों को भी इसका लाभ मिलेगा। यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अजय भट्ट ने यहां गुरूवार को पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अल्मोड़ा में सोबन सिंह जीना विवि की स्थापना का निर्णय काफी सोच-समझ व अध्ययन करने के बाद लिया है। इस पर विशेषज्ञों के साथ होमवर्क पूरा करने के बाद ही फैसला लिया गया है। जमरानी बांध पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि इस पर तेजी के साथ कार्य किया जा रहा है। पर्यावरण समेत कई मामलों पर इस पर स्वीकृति मिल चुकी है। एक स्वीकृति मिलनी शेष है। इस पर जल्द कार्य पूर्ण हो जायेगा।
उन्होंने कहा कि जमरानी बांध को लेकर वह स्वयं संबंधित विभागों के साथ वार्ता कर रहे हैं। जमरानी बांध के लिए 89 करोड़ की स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही वन विभाग ट्रीटमेंट कार्य शुरू कर देगा। उन्होंने कहा कि जमरानी गांध पर समस्त रूकावटें समाप्त हो चुकी हैं। यह योजना जल्द ही धरातल पर उतरेगी। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, प्रदेश प्रवक्ता डॉ अनिल कपूर डब्बू, प्रकाश रावत, तरूण बंसल, दिनेश खुल्बे मुख्यरूप से मौजूद रहे।