तेलंगाना के स्वास्थ्य और वित्त मंत्री टी. हरीश राव ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए 10,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य लोगों को कॉरपोरेट क्षेत्र के समान सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। मंत्री ने हैदराबाद में बच्चों के लिए सरकार द्वारा संचालित नीलोफर अस्पताल में 100 बिस्तरों वाली गहन चिकित्सा इकाई का उद्घाटन किया।
तीन दिन पहले चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग संभालने के बाद हरीश राव का यह पहला कार्यक्रम था। हरीश राव ने कहा कि 33 करोड़ रुपये की लागत से नीलोफर अस्पताल में और 800 बिस्तर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए जल्द ही डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की भर्ती की जाएगी।
उन्होंने राज्य में सरकारी अस्पतालों में बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत 18 करोड़ रुपये प्रदान करने के लिए हैदराबाद सॉफ्टवेयर एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (एचवाईएसईए) की सराहना की। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने गरीबों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए हैदराबाद में चार दिशाओं में चार मेडिकल टावरों के निर्माण की योजना बनाई है।
हरीश राव ने कहा कि सरकार हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज बनाने के उद्देश्य से भी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तेलंगाना राज्य का गठन हुआ था तब केवल पांच सरकारी मेडिकल कॉलेज थे और अब यह संख्या 21 हो गई है। अगले साल से नौ और सरकारी अस्पताल काम करने लगेंगे।
जून में, सरकार ने सार्वजनिक स्वास्थ्य क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया था। हरीश राव की अध्यक्षता में एक कैबिनेट उप-समिति को एक रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा गया था। पैनल सरकारी अस्पतालों, कर्मचारियों और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा और सिफारिशें करेगा।


Download Android App
Download iOS App



