कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येद्दियुरप्प्पा ने आज अपने मंत्रिमंडल में तीन उप मुख्यमंत्रियों को शामिल किया और हाल ही में जिन 17 मंत्रियों ने शपथ ली थी उन्हें विभागों को बंटवारा कर दिया गया है। विभागों का बंटवारा केन्द्रीय आलाकमान की सलाह पर किया गया है।
इन विभागों का बंटवारा पहले से ही तय माना जा रहा था और सर्वश्री गोविंद कारजोल, सीएन अश्वत नारायण तथा लक्ष्मण एस सावदी को उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। श्री सावदी को परिवहन विभाग दिया भी दिया गया है। श्री कारजोल को उप मुख्यमंत्री पद के साथ साथ सामाजिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है और ड़ अश्वत को उच्च शिक्षा विभाग के अलावा सूचना प्रौद्योगिकी तथा विज्ञान का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
राज्य में लगभग एक हफ्ते के इंतजार के बाद मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा हो गया। पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार को उद्योग विभाग की जिम्मेदारी दी गई है और पूर्व कानून मंत्री सुरेश कुमार को प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। जे शशिकला अन्नासाहेब को महिला एवं बाल विकास मंत्री बनाया गया है। सीटी रवि को पर्यटन, कन्नड़ और संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनके अलावा उन विभागों की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के पास रहेंगी जो अब तक किसी को नहीं सौंपे गए हैं।
गौरतलब है कि श्री येद्दियुरप्पा ने 26 जुलाई को ही मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली थी और अब हुए मंत्रिमंडल विस्तार की विपक्षी कांग्रेस तथा जनता दल(सेक्युलर) ने कड़ आलोचना की है।
जिन तीन लोगों को उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई है उन्हें लेकर अन्य वरिष्ठ विधायक असहज महसूस कर सकते हैं लेकिन रिपोर्टों में कहा गया है कि अगले दो दिनों में भाजपा आलाकमान की मंजूरी मिलने के बाद कम से कम तीन और अंसुष्ट वरिष्ठ सदस्यों को मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है। गौरतलब है कि राज्य की पूर्ववर्ती जनता दल(एस) -कांग्रेस सरकार के पतन के बाद पिछले माह राज्य में भाजपा की सरकार बनी थी। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 2022 में समाप्त होगा।