नैनीताल : उत्तराखंड विधानसभा में प्रतिपक्ष नेता डा. इंदिरा हृदयेश ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे नाथू राम गोडसे का महिमामंडन करने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं के बयान को शर्मनाक करार दिया और ऐसे नेताओं के खिलाफ कड़ कार्यवाही करने की मांग की। भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के नाथू राम गोडसे को देशभक्त बताये जाने के बयान से प्रदेश कांग्रेस में आक्रोश है।
श्रीमती इंदिरा हृदयेश ने बयान में कहा कि साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, केन्द, सरकार में मंत्री अनंत हेगड़ एवं अन्य भाजपा नेताओं द्वारा गोडसे का गुणगान किये जाने से जनता में भारी आक्रोश है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा नेताओं के बयान को कोई भी नागरिक बर्दाश्त नहीं करेगा। यह देश एवं राष्ट्रपिता का अपमान है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रवाद को मुद्दा बनाकर लोकसभा चुनाव लड़ने वाली भाजपा की असलियत देश के सामने आ गयी है। उन्होंने सीधे-सीधे आरोप लगाया कि पार्टी ने देश की जतना का अपमान किया है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने भोपाल से साध्वी प्रज्ञा को लोकसभा का प्रत्याशी बनाया है उस पर मालेगांव बम धमाकों का आरोप है और अदालत ने अभी उसे किसी प्रकार की क्लीन चिट नहीं दी है।
उन्होंने यह भी कहा कि साध्वी प्रज्ञा लगातार विवादित बयान दे रही है और इससे उनकी मंशा स्पष्ट होती है। उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद विध्वंस एवं हेमंत करकरे के मामले में दिये गये बयान उनकी मानसिकता को दर्शाने के लिये काफी हैं।
– संजय तलवाड़