देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार को कुछ घंटों के लिए ठप पड़ी बिजली सेवा के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली न होने के कारण मुंबई की लोकल ट्रेनों की रफ़्तार पूरी तरह से थम गई। काम पूरी तरह से रुक गए। बुरी तरह गहराए इस बिजली संकट पर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह का बयान सामने आया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, हम राज्य ट्रांसमिशन अथॉरिटी के साथ बैठक के लिए केंद्रीय अथॉरिटी से एक टीम मुंबई भेज रहे हैं और पता लगा रहे हैं कि समस्या कहां थी और यह कैसे शुरू हुई। आगे कभी इस तरह की समस्या का सामना न करना पड़े, उसके लिए उचित कदम उठाने पर चर्चा होगी।
मुंबई में कई घंटों से बत्ती गुल होने के बाद फिर शुरू हुई सेवा, पटरी पर दौड़ी लोकल ट्रेन
उन्होंने कहा, मुंबई में बिजली आपूर्ति को काफी हद तक बहाल कर दिया गया है, 2000 मेगावाट में से जो बंद हो गया, लगभग 1900 मेगावाट बहाल हो गया है, शेष जल्द ही बहाल हो जाएगा। राष्ट्रीय ग्रिड ठीक है, समस्या राज्य ग्रिड के कुछ हिस्सों में हुई।
लगभग सुबह 10 बजे मुंबई की ग्रिड फेल होने के कारण प्रभावित हुई बिजली सेवा फिर से बहाल कर दी गई है। बत्ती गुल होने से प्रभावित हुई लोकल ट्रेनों की आवाजाही पुनः सुचारु रूप से शुरू हो गई है। ट्रेनों रुकने के कारण काम के लिए एक जगह से दूसरी जगह जाने वालों को खासा दिक्कत का सामना करना पड़ा।