आंध्र प्रदेश के पूर्व गोदावरी जिले में शुक्रवार को 20 यात्रियों को ले जा रहा एक वाहन खाई में गिर गया। हादसे में 7 लोगों की मौत और कई अन्य घायल हुए हैं। घटना पर राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन ने दुख व्यक्त किया है। वाहन में सवार लोग एक विवाह समारोह से लौट रहे थे।
पुलिस ने बताया कि पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि वाहन चढ़ाई से नीचे की ओर आ रहा था तभी अचानक उसके ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया और वाहन तांतिकोंडा के निकट खाई में गिर गया। वाहन में करीब 20 लोग सवार थे।
सभी यात्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में एक विवाह समारोह में शामिल होकर अपने गांव गोकावरम लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि हादसे में कम से कम दस लोग घायल हुए हैं और उन्हें राजामहेंद्रवरम स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के सदस्यों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की।