रुद्रपुर : मैसर्स भगवती प्रोडक्ट्स लिमिटेड में गैर कानूनी बंदी, पलायन, मशीनों की शिफ्टिंग पर रोक लगाने व कंपनी से वसूली के संबंध में श्रमिकों ने उप श्रमायुक्त के दफ्तर प्रदर्शन करके ज्ञापन सौंपा। उप श्रमायुक्त को दिए ज्ञापन में कहा गया कि भगवती प्रोडक्ट लिमिटेड राज्य में मिल रही सब्सिडी का टैक्स छूट का लाभ लेकर पलायन करना चाहती है जो राज्य की औद्योगिक नीति व शर्तों का उल्लंघन है। आरोप लगाया कि इस दौरान उसने बगैर शासन की अनुमति के धीरे-धीरे मशीनें राज्य से बाहर भिवाणी (राजस्थान) में शिफ्ट कर दिया है।
कंपनी ने एक साथ 303 श्रमिकों की गैरकानूनी छंटनी कर दी। छंटनी की सूची में शामिल न होने के बावजूद प्रस्तावित यूनियन के अध्यक्ष सूरज सिंह की गैरकानूनी तरीके से गेटबंदी कर दी। कहा कि कंपनी राज्य से भागने की तैयारी कर रही है। आरोप लगाया कि पूरे प्रकरण में श्रम अधिकारियों की भूमिका नकारात्मक और कंपनी के पक्ष में बनी रही जो बेहद क्षोभपूर्ण है। प्रबंधन का पूरा कृत्य गैरकानूनी और राज्य की औद्योगिक नीति के खिलाफ है। यह कृत्य बेरोजगारी बढ़ाने वाला है।
उन्होंने कंपनी के पलायन पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही सभी श्रमिकों की कार्यबहाली करवाएं। कहा कि कंपनी से राज्य सरकार द्वारा दी गई सब्सिडी और अब तक दिए गए समस्त सरकारी रियायतों की वसूली की जाए। मनमाने तरीके से प्रबंधन ने छंटनी है और मजदूरों के साथ धोखाधड़ी की है, इस मामले में फैक्ट्री प्रबंधन पर कार्रवाई की जाए।
धरना प्रदर्शन में भगवती प्रोडक्टस लिमिटेड पंतनगर, नेस्ले कर्मचारी संघ, इंक्लाबी मजदूर केंद्र, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन, गुजरात अंबुजा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, ब्रिटानिया, वोल्टास ठेका मजदूर, मजदूर सहयोग केंद्र गुडग़ांव, मजदूर सहयोग केंद्र ऊधमसिंह नगर के पदाधिकारी मौजूद थे।