पंजाब में जारी विधानसभा चुनाव के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के नेता रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब में हुए विकास कार्य का सारा श्रेय वर्तमान मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को देने के लिए कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है। अमरिंदर सिंह ने हाल ही में पार्टी से जारी मनमुटाव के बीच कांग्रेस छोड़ दी थी और पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) का गठन किया था। उन्होंने कहा कि "चन्नी 'जादूगर' नहीं है जो वह होने का दिखावा करता है, क्या वो केवल 3 महीने में पंजाब में इतने 'चमत्कार' कर सकता है? पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में महीनों की मेहनत वास्तव में मेरी (अमरिंदर सिंह) है।"
अमरिंदर सिंह ने चुनाव परिणामों को लेकर की भविष्यवाणी
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि चरणजीत सिंह चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू दोनों ही बेकार हैं। कांग्रेस इस बात से चिंतित है कि मैंने पंजाब में जो काम किया है, वह उनके खिलाफ जा रहा है। मैं भविष्यवाणी कर सकता हूं कि कांग्रेस को 20-30 से अधिक सीटें नहीं मिलेंगी।” कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि हम (भाजपा-पीएलसी गठबंधन) पटियाला और आसपास की सीटों पर बहुत अच्छी तरह से जीत दर्ज करेंगे।
चरणजीत चन्नी बोले- कांग्रेस की होगी जीत
वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का कहना है कि उन्हें विश्वास है कि 'कांग्रेस पार्टी 2/3 बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।' पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब लोक कांग्रेस ने 37 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उनकी सहयोगी भाजपा 65 सीटों पर पंजाब चुनाव लड़ रही है। पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी चमकौर साहिब और भदौर निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं।
दोपहर 1 बजे तक 34% हुआ मतदान
पंजाब में इस समय मतदान चल रहा है, जहां 2.14 करोड़ से अधिक मतदाता 1,34 निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे 1,304 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। पंजाब में दोपहर 1 बजे तक 34% मतदान हुआ था। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, पंजाब के सीएम चन्नी, आप के सीएम उम्मीदवार भगवंत मान पहले ही वोट डाल चुके हैं।