पंजाब के होशियारपुर में 6 साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दुख जताया। दुष्कर्म और हत्या के इस मामले में गुरप्रीत सिंह नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार कर डीजीपी को उचित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री अमरिंदर ने शुक्रवार को घटना को चौंकाने वाली बताते हुए दुख जताया।
उन्होंने कहा, इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही मामले में डीजीपी को उचित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कोर्ट से मामले में जल्दी सुनवाई और दोषी को कड़ी देने का आग्रह किया गया है।
पीड़िता एक प्रवासी परिवार की बेटी थी, जो उसी गांव में रह रहा था। पीड़िता के पिता के अनुसार गुरप्रीत कथित तौर पर उनकी लड़की को अपने घर ले गया जहां उसने कथित तौर पर उससे बलात्कार किया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद, गुरप्रीत और सुरजीत दोनों ने उसकी हत्या कर दी और फिर उसके शव को जला दिया। लड़की का आधा जला हुआ शव उनके घर से मिला है।
इस बीच पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्ष तेजिंदर कौर ने इस घटना का स्वत: संज्ञान लिया और होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अध्यक्ष (एसएसपी) से 26 अक्टूबर तक एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आरोपी गुरप्रीत सिंह और उसके दादा सुरजीत सिंह को हत्या, बलात्कार के आरोपों और भारतीय दंड संहिता तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की अन्य संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।