चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह मंगलवार शाम राज्य विधानसभा के विशेष सत्र के बाद केंद्र द्वारा पारित कृषि कानूनों के खिलाफ विधेयकों को लेकर राज्यपाल वी पी सिंह बदनोर से मिलेंगे। मुख्यमंत्री केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ चार विधेयकों और प्रस्ताव के बारे में राज्यपाल को जानकारी देंगे। पंजाब विधानसभा ने सर्वसम्मति से विधेयकों को पारित कर दिया और प्रस्ताव का समर्थन किया।
एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि सदन की दिन की कार्यवाही के बाद मुख्यमंत्री राज्यपाल से मिलेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सरकार के चारों विधेयकों को सदन में चर्चा और पारित करने के लिए पेश करते हुए कहा, ‘‘कृषि कानूनों के नाम पर दरअसल कारोबारी कानून पारित किये गये हैं। पूरे देश के बाजार में किसानों को नहीं बल्कि व्यापारियों को सुगम पहुंच मिलेगी।’’
मुख्यमंत्री ने केंद्र पर कृषि कानूनों के साथ पंजाब को खत्म करने की कोशिश करने का आरोप लगाया और प्रधानमंत्री के लिए सवाल किया कि क्या यह कार्रवाई न्यायोचित है। उन्होंने भाजपा पर राज्य की कृषि व्यवस्था को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब अन्य राज्यों ने भी देश को खाद्यान्न मुहैया कराना शुरू कर दिया है, इसलिए केंद्र की सरकार ने पंजाब की अनदेखी की है। सिंह ने कहा कि वे भूल गये कि पंजाब ने देश को कैसे बचाया और 70 सालों तक कैसे देश का पेट भरता रहा।