पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और पाकिस्तानी पत्रकार अरूसा आलम को लेकर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी द्वारा दिए गए बयान को लेकर भाजपा ने उनपर तीखा निशाना साधा है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू के बयान पर सवाल उठाते हुए उनसे पूछा है पिछले 16 सालों से आंटी का डिनर आप खा रही हैं, आंटी के ड्राइंग रूम की शोभा आप बढ़ाएं और सवाल हमसे कर रही हैं।
जिनके साथ ( अमरिंदर सिंह) आपने 58 महीने तक सरकार चलाई, आज उन पर सवाल उठा रहे हो?
अमरिंदर सरकार के कार्यकाल को लेकर नवजोत कौर द्वारा दिए गए बयान पर भी तरुण चुग ने तीखी प्रतिक्रिया जताई। चुग ने नवजोत कौर से सवाल पूछा कि, जिनके साथ ( अमरिंदर सिंह) आपने 58 महीने तक सरकार चलाई, आज उन पर सवाल उठा रहे हो? अगर उस समय भ्रष्टाचार था, पैसा लिया जाता था, फिरौती ली जाती थी, तो आप उस समय चुप क्यों थे?
यह इनकी पुरानी आदत है, दोहरा चरित्र है
सिद्धू दंपत्ति की राजनीति पर सवाल उठाते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि यह इनकी पुरानी आदत है, दोहरा चरित्र है। 2007 से 2017 तक हमारे साथ रहकर सत्ता का लुत्फ उठाते रहे, मंत्री रहे, सुख-सुविधाओं का इस्तेमाल किया और बाद में हमारी ही आलोचना करने लगे। ऐसा ही ये अब कर रहे हैं। 58 महीने तक ये अमरिंदर के साथ सरकार में रहे, कॉफी विथ कैप्टन के गाने गाते रहे और अब सवाल उठा रहे हैं।
राष्ट्रवाद के एजेंडे पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही भाजपा को एक बड़ा चुनावी मुद्दा थमा दिया है
दरअसल , पंजाब की सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के जिन मुद्दों को लेकर अमरिंदर लगातार नवजोत सिंह सिद्धू और कांग्रेस आलाकमान पर निशाना साध रहे हैं, उसने राष्ट्रवाद के एजेंडे पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही भाजपा को एक बड़ा चुनावी मुद्दा थमा दिया है। भाजपा के इस मुद्दे की काट करने के लिए ही हाल में पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने अमरिंदर सिंह की छवि पर निशाना साधने के लिए उनकी मित्र पाकिस्तानी पत्रकार अरूसा आलम के आईएसआई लिंक की जांच करने की बात कही थी।
BJP ने सिद्धू की पत्नी से कई सवाल करते हुए पति-पत्नी दोनों पर निशाना साधा
अब पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी ने पाकिस्तानी पत्रकार के रूतबे को लेकर अमरिंदर सिंह पर निशाना साधते हुए भाजपा पर भी सवाल उठा दिया है। यही वजह है कि पलटवार करते हुए पंजाब के अमृतसर से ताल्लुक रखने वाले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने सिद्धू की पत्नी से कई सवाल करते हुए पति-पत्नी दोनों पर निशाना साधा है।