कांग्रेस को इस साल पंजाब चुनाव में एक शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा, इस बार विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला था। जिसमें आप ने बाजी मार ली और कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। जिसके बाद सोनिया गांधी ने पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष के रूप में नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे की मांग की। बता दें कि अन्य चार राज्यों के अध्यक्षों को भी इस्तीफा देने के लिए कहा गया था, जो सिद्धू ने कल सोनिया गांधी को भेजा था।
नवजोत सिंह सिद्धू ने की भगवंत मान की प्रशंसा
वहीं आज नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब के नए मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने पर आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान का स्वागत करते हुए ट्वीट किया। सिद्धू ने 'पंजाब में एक नए माफिया विरोधी युग' के लिए मान की सराहना की और ट्वीट करते हुए लिखा कि "सबसे खुश आदमी वह है जिससे कोई उम्मीद नहीं करता... भगवंत मान ने पंजाब में उम्मीदों के पहाड़ के साथ एक नए माफिया विरोधी युग की शुरुआत की... आशा है कि वह उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और पंजाब को जन-समर्थक नीतियों के साथ पुनरुद्धार पथ पर वापस लाएंगे...।"
भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब में लौटेगी समृद्धि
बताते चलें कि आप ने कांग्रेस पर प्रचंड जीत दर्ज की है, उन्होंने 117 में से 92 सीटों का दावा किया और उनके उम्मीदवार ने अमृतसर (पूर्व) में सिद्धू को हराया। आप उम्मीदवारों ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी को भी दोनों सीटों पर हराया। मान ने बुधवार को महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकर कलां में एक भव्य समारोह में शपथ ली। 48 वर्षीय मान ने संगरूर जिले के धुरी से कांग्रेस के दलवीर सिंह गोल्डी को हराया, वह यहां से लोकसभा सांसद थे। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप नेता अरविंद केजरीवाल ने मान को बधाई दी और विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में पंजाब में समृद्धि लौटेगी।