पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्डा ने दावा किया है कि, चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर अपने नियमों में बदलाव कर एक नए राजनीतिक दल का पंजीकरण करने जा रहा है। पार्टी प्रवक्ता चड्ढा ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि, भाजपा ने पंजाब में आप को विधानसभा चुनाव में जीतने और सरकार बनाने से रोकने के लिए यह हथकंडा अपनाया है। आप के आरोप पर चुनाव आयोग या भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। हालांकि, चड्ढा ने उस पार्टी का नाम साझा नहीं किया, जिसके पंजीकरण के बारे में उन्होंने दावा किया है। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि जल्द ही इसके बारे में सभी को पता चल जाएगा। चड्ढा ने संवाददाताओं से कहा, हमें बहुत पुख्ता जानकारी मिली है कि भारत का निर्वाचन आयोग एक (नए) राजनीतिक दल को विशेष तव्वजो देते हुए उसे पंजीकृत करने जा रहा है। चड्ढा पंजाब में पार्टी के सह-प्रभारी भी हैं। उन्होंने दावा किया कि इसके लिए आयोग राजनीतिक दलों के पंजीकरण संबंधी नियमों में ”दो बड़े बदलाव” करने जा रहा है.
भाजपा ‘आप’ को रोकने के लिए खास तवज्जो दे रही है : राघव
आप नेता ने संवाददाताओं से कहा पहले बदलाव के तहत चुनाव आयोग नए राजनीतिक दल के पंजीकरण पर आपत्ति जताने की अवधि 30 दिन से घटाकर सात दिन करने जा रहा है, जबकि नियमों में दूसरा बदलाव जो चुनाव आयोग कर रहा है वह चुनाव कार्यक्रम की घोषणा और आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद भी एक नए राजनीतिक दल को पंजीकरण प्रदान करना है। चड्ढा ने दावा किया कि, भाजपा अब ‘आप’ को पंजाब में सत्ता में आने से रोकने के लिए खास तवज्जो के तहत एक विशेष राजनीतिक दल के पंजीकरण के लिए सभी प्रकार की सुविधा और राहत प्रदान कर रही है, क्योंकि भाजपा ने महसूस किया है कि न तो अकाली दल, न कांग्रेस, न ही भाजपा खुद अमरिंदर सिंह के साथ मोर्चा बनाकर आप को चुनाव में रोक सकेगी। उन्होंने कहा, ऐसा प्रतीत होता है कि इस राजनीतिक दल के पंजीकरण के बाद, यह आप के वोटों में कटौती करेगा।
गृह मंत्री से पूछूंगा कि, भाजपा किस पार्टी को चुनाव में चाहती है : चड्डा
राघव चड्डा ने मांग की कि चुनाव आयोग और भाजपा दोनों को इस विशेष राजनीतिक संगठन का नाम बताना चाहिए, जिसे एक राजनीतिक दल के रूप में पंजीकरण के वास्ते नियमों में संशोधन किये जा रहे हैं और ढील दी जा रही है। उन्होंने कहा, मैं गृह मंत्री अमित शाह से सीधे पूछना चाहता हूं कि भाजपा किस पार्टी को चुनाव में लाना चाहती है जिसके लिए ये सभी इंतजाम किए जा रहे हैं। एक विशेष राजनीतिक दल के पंजीकरण के लिए रातों-रात नियमों में बदलाव की क्या जरूरत थी? उन्होंने पूछा, ऐसा प्रतीत होता है कि नई पार्टी अपने पंजीकरण के बाद चुनावों में केवल आप के वोटों में कटौती करेगी। ‘आप’ नेता ने यह भी मांग की कि जो लोग पंजाब में विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए अपने राजनीतिक मोर्चा को एक राजनीतिक दल के रूप में पंजीकृत करने की मांग कर रहे हैं, उन्हें भी भाजपा और शाह के साथ अपने संबंधों का खुलासा करना चाहिए।