नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे ने पार्टी आलाकमान के बीच हलचल मचा दी। सिद्धू के इस्तीफे से भले ही मुश्किलें बढ़ गयी हों, लेकिन इस बार पार्टी आलाकमान झुकने के बिलकुल भी मूड में नहीं है। जानकारी के अनुसार, आलाकमान सिद्धू को मानने की जगह पंजाब कांग्रेस के लिए एक अन्य विकल्प पर विचार कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी आलाकमान सिद्धू के इस मनमानी रवैये से बेहद नाराज है। जिसके चलते पार्टी सिद्धू को मनाने के मूड में बिलकुल भी नहीं है। इसको लेकर अब तक दोनों पक्ष में कोई बातचीत नहीं हुई है। इतना ही नहीं माना जा रहा है कि पार्टी ने पंजाब में नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए मंथन शुरू कर दिया है।
पंजाब : ‘हक-सच की लड़ाई आखिरी दम तक लड़ता रहूंगा’, इस्तीफे के बाद सिद्धू का पहला वीडियो सन्देश
इससे पहले जानकारी सामने आई थी कि पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत नवजोत सिंह सिद्धू को मनाने के लिए चंडीगढ़ जा रहे हैं, लेकिन अब कांग्रेस आलाकमान ने उनका चंडीगढ़ जाना रद्द करवा दिया है। सूत्रों की मानें तो कुलजीत नागरा और रवनीत सिंह बिट्टू में से किसी एक को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान सौंपी जा सकती है।
कुलजीत अभी कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष हैं जबकि रवनीत लोकसभा सांसद हैं, जो संसद सत्र के दौरान सुर्खियों में रहे हैं। ये दो नाम प्रदेश अध्यक्ष पद की रेस में अभी तक सबसे आगे चल रहे हैं। लेकिन किसे इस पद का भार दिया जाएगा, इसको लेकर अभी सस्पेंस बरक़रार है।