पंजाब कांग्रेस में लंबे दिनों तक चले अंदरूनी विवाद के बाद नवजोत सिंह सिद्धू को प्रदेश पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। लेकिन कांटों भरे इस ताज को संभालना सिद्धू के लिए काफी मुश्किल होने वाला है। अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद आज लुधियाना पहुंचे सिद्धू को किसान संगठनों के लोगों का विरोध प्रदर्शन झेलना पड़ा।
शहीद भगत सिंह के स्मारक पर माथा टेकने लुधियाना के पास खटकड़ कलां पहुंचे सिद्धू की जानकारी मिलते ही वहां किसान संगठनों के लोगों के उन्हें काले झंडे दिखाए। इतना ही नहीं उन्होंने नवनियुक्त कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी भी की। पुलिस प्रशासन ने उनको रोकने का प्रयास किया तो किसानों ने जबरदस्ती आगे बढ़ना शुरू कर दिया।
सिद्धू के दौरे से पहले कांग्रेस की अंदरूनी कलह के नजारे भी सामने आए। बंगा के कांग्रेस कार्यकर्ता जो कुछ सिद्धू के समर्थन और कुछ विरोध में हैं, एक-दूसरे के सामने आ गए और उनके समर्थक और विरोध में नारेबाजी करने लगे। सिद्धू खटकर कलां की यात्रा के दौरान चोटिल भी हो गए।
बता दें कि कई दिनों के सियासी बवाल के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार शाम सिद्धू को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष घोषित किया है। पद मिलने के बाद सिद्धू ने कहा कि वह राज्य में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए और अधिक काम करेंगे।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘आज से हम सभी को एक ही सपने के लिए आगे बढ़कर काम करना और पंजाब में कांग्रेस के अजेय किले को मजबूत करना है। मैं माननीय कांग्रेस अध्यक्ष सोनीया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का विशेष रूप से आभारी हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास किया और मुझे यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी।’