पंजाब कांग्रेस में चल रही सत्ता की अंदरूनी लड़ाई पर शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने तंज कसा है। बादल ने कहा कि कांग्रेस मुख्यमंत्री और मंत्री बनने के लिए लड़ रही है। वहीं धान की खरीद 11 अक्टूबर तक के लिए स्थगित करने पर उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब फसल खरीदने की तारीख को आगे बढ़ाया गया हो।
शिअद प्रमुख बादल ने कहा, यह वक़्त फसल खरीदने का है पहली बार हुआ कि फसल खरीदने की तारीख को 10 दिन आगे किया है। कांग्रेस मुख्यमंत्री और मंत्री बनने के लिए लड़ रही है। पंजाब सरकार ने किसानों से फसल खरीदने के इंतजाम नहीं किए हैं। इससे नुक़सान किसानों को हो रहा है।
‘पंजाब विकास पार्टी’ बनाएंगे कैप्टन अमरिंदर सिंह, सिद्धू को हराना होगा पहला लक्ष्य
उन्होंने कहा, पंजाब की अर्थव्यवस्था कृषि पर निर्भर है। धान की खरीद हर साल अक्टूबर में शुरू होती है। राज्य सरकार ने इस बार नमी का हवाला देते हुए इसमें 10 दिन की देरी की है। यह पहली बार हुआ है क्योंकि उन्होंने कोई व्यवस्था नहीं की है। हमने नमी की जांच की, यह 12.9 है।
बता दें कि केंद्र ने पंजाब और हरियाणा में खरीफ धान की खरीद 11 अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दी क्योंकि हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण फसल पकने में देरी हुई है। पंजाब में वर्ष 2021-22 के खरीफ विपणन सत्र के लिए धान की खरीद एक अक्टूबर से शुरू होनी थी, जबकि हरियाणा में आधिकारिक तौर पर 25 सितंबर से यह काम शुरू हुआ था।
खरीद का काम, केंद्र सरकार की नोडल एजेंसी, भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) द्वारा राज्य एजेंसियों के साथ किया जाता है।