राजस्थान में जयपुर जिले के दौसा में सामूहिक दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या कर शव कुंए में फेंकने का मामला सामने आया है। घटना पर कांग्रेस को घेरते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने गांधी परिवार पर हमला बोला। उन्होंने पूछा कि क्या राहुल की तरह सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी लंबी छुट्टियों पर चली गयी हैं।
अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कहा, राजस्थान में हर दिन शर्मनाक घटनाएं घटती हैं, बेटियों-बच्चियों के साथ दुष्कर्म होता है, कुएं में फेंक दिया जाता है। महीनों तक अपराधी को पकड़ा नहीं जाता है। क्या सोनिया जी व प्रियंका जी लंबी छुट्टी पर चली गईं हैं? जैसे राहुल जी गए हैं।
दरअसल, रविवार को मृतक महिला सुबह जयपुर से अपने मायके दौसा के लिए निकली थी। जब महिला बस से दौसा में अपने गांव के बस स्टैंड पर पहुंची और अपने घर के लिए जा रही थी, उसी दौरान आरोपियों ने उसे एक वाहन में बिठाकर घर तक छोड़ने की बात कही।
मेरा इस्तीफा तो ‘परमानेंट’ ही सोनिया गांधी के पास, जानें CM गहलोत ने क्यों दिया ऐसा बयान
इसके बाद आरोपियों ने महिला को जंगल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने महिला की हत्या कर दी और उसके शव को जयपुर जिले के बस्सी थाना क्षेत्र के एक कुंए में डाल दिया। जब देर शाम तक महिला घर नहीं पहुंची परिजनों ने रविवार शाम को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट रामगढ़ पचवारा थाने में दर्ज करवाई।
तलाश के दौरान महिला का शव सोमवार तड़के जयपुर जिले के बस्सी क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों में से एक आरोपी की पहचान कालूराम मीणा के रूप में हुई, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरे आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी महिला के परिचित थे।