राजस्थान के जालोर में एक बस के बिजली के तारों की चपेट में आने से लगी आग के कारण छह लोगों की मौत हो गई जबकि कई झुलस गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार ये लोग जालोर जिले में जैन मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे कि शनिवार देर रात रास्ता भटक जाने के कारण जालोर से सात किलोमीटर दूर महेशपुरा गांव पहुंच गए जहां बस गांव में गुजर रही बिजली की ग्यारह केवी लाइन के तारों की चपेट में आ गई और करंट फैलने से बस में आग लग गई।
हादसे में बस चालक एवं परिचालक तथा तीन महिलाओं सहित चार श्रद्धालुओं की जलने से मृत्यु हो गई जबकि झुलसे कई लोगों को जालोर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां कुछ लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जोधपुर भेज दिया गया। मृतकों में ब्यावर की सोनल, सुरभि एवं चांद देवी, अजमेर निवासी राजेन्द्र तथा बस चालक धर्मचंद तथा बस का परिचालक शामिल हैं।
राजस्थान के जालौर में हुए बस हादसे की खबर से अत्यंत दुख पहुंचा है। इस दुर्घटना में कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। मैं उनके परिवार वालों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) January 17, 2021
इस हादसे पर पीएम मोदी ने दुःख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, “ बस हादसे की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। हादसे में कई लोगों की मौत हुई । उनके परिजनों के प्रति मेरी गहन संवदेनाएं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।”
हादसे पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गहरा दुख जताया हैं। गहलोत ने इस पर संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि जालौर के पास एक दुर्भाग्यपूर्ण बस दुर्घटना में छह लोगों की जान चली जाने और कई लोगों के घायल होने से उन्हें गहरा दु:ख पहुंचा है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना जताते हुए ईश्वर से उन्हें यह नुकसान सहने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र ठीक होने की प्रार्थना की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जालौर के महेशपुरा गांव में यात्रियों से भरी एक बस बिजली के तारों की चपेट में आ गई. हादसे में कई लोगों की मृत्यु तथा करीब पन्द्रह लोगों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुःखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को शांति, घायलों को स्वास्थ्य लाभ तथा परिजनों को धैर्य प्रदान करें।