राजस्थान में बीजेपी सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने मनाही के बावजूद आमागढ़ किले पर झंडा फहरा दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सांसद मीणा ने खुद ट्वीट कर अपनी गिरफ्तारी की जानकारी दी। बता दें कि कांग्रेस ने भगवा झंडा फहराए जाने की आशंका व्यक्त की थी, जिसके बाद पुलिस भी मुस्तैद थी।
दरअसल, कांग्रेस विधायक रामकेश मीणा ने पहले कथित तौर पर आमागढ़ किले पर भगवा झंडा फाड़ दिया था जिसके बाद किरोड़ी लाल मीणा ने मीणा समाज का झंडा आमागढ़ किले पर फहराया। सांसद मीणा ने झंडा फहराने के बाद इसका वीडियो भी ट्वीट किया।
मुझे आमागढ़ फोर्ट गिरफ्तार कर लिया गया है। pic.twitter.com/gh3YiLrIYw
— Dr.Kirodi Lal Meena (@DrKirodilalBJP) August 1, 2021
उन्होंने लिखा है-‘मुझे आमागढ़ फोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया है।’ झंडा फहराने के दौरान उनके समर्थक भी उनके साथ मौजूद थे। गिरफ्तार कर बीजेपी सांसद को विद्याधर नगर थाने ले जाया गया है। मीणा समुदाय के नेता और विधायक रामकेश मीणा द्वारा कुछ दिन पहले आमागढ़ किले में कथित तौर पर भगवा झंडा फाड़ने के बाद विवाद खड़ा हो गया था।