कृषि कानूनों के खिलाफ धरने पर बैठे किसान नेता राकेश टिकैत ने ऐलान किया है कि अगर केंद्र सरकार ने कानून वापस नहीं लिए तो वह संसद मार्च का आह्वान करेंगे और इस बार 4 लाख ट्रैक्टर नहीं बल्कि 40 लाख ट्रैक्टर आएंगे। टिकैत राजस्थान के सीकर में संयुक्त किसान मोर्चा की किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए ये बात कही।
महापंचायत को सम्बोधित करते हुए टिकैत ने कहा,’ कान खुल कर सुन ले दिल्ली, ये किसान भी वही हैं और ट्रैक्टर भी वही होंगे। अबकी बार आह्वान संसद का होगा। कहकर जाएंगे संसद पर। इस बार चार लाख नहीं चालीस लाख ट्रैक्टर जाएंगे।’ उन्होंने कहा कि किसान इंडिया गेट के पास के पार्कों में जुताई करेगा और फसल भी उगाएगा।
राकेश टिकैत ने नाम लिए बिना PM मोदी पर साधा निशाना, बोले- ‘वह लुटेरों का अंतिम बादशाह’
साथ ही कहा कि संसद को घेरने के लिए तारीख संयुक्त मोर्चा तय करेगा। किसान नेता ने कहा, ’26 जनवरी की घटना के मामले में देश के किसानों को बदनाम करने की साजिश की गई… देश के किसानों को तिरंगे से प्यार है, लेकिन इस देश के नेताओं को नहीं।’
महापंचायत को स्वराज आंदोलन के नेता योगेंद्र यादव, अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमराराम, किसान यूनियन के राष्ट्रीय महामंत्री चौधरी युद्धवीर सिंह सहित कई किसान नेताओं ने भी संबोधित किया। इससे पहले टिकैत ने चूरू जिले के सरदारशहर में भी किसानों की सभा को संबोधित किया।