देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश से आए दिन तरह-तरह की खबर आती रहती हैं। प्रदेश के आजमगढ़ में एक शादी चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं। दरअसल मोहम्मदाबाद जिले के वीरू राजभर ने मिसाल कायम करते हुए थर्ड जेंडर (किन्नर) से शादी कर ली हैं। बता दें कि दोनों लंबे समय से रिलेशनशिप में थे।
मंदिर में की शादी
वीरू राजभर की मुलाकात मुस्कान से डेढ़ साल पहले रेलवे स्टेशन पर हुई थी। मुस्कान मूल रूप से पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी की रहने वाली है। वह यहां एक कार्यक्रम में आई थी। दोनों को पहली नजर में ही एक दूसरे से प्यार हो गया था। लंबा समय साथ बिताने के बाद दोनों ने शादी के बंधन में बंधने का फैसला किया। जिसके बाद दोनों ने मंदिर में भगवान को साक्षी मानकर शादी कर ली।
वीरू की जमकर हो रही सराहना
वीरू का कहना है, उसे इस बात से कुछ फर्क नहीं पड़ता है कि मुस्कान किन्नर है। साथ ही उसका कहना है कि परिवार को भी इस रिश्ते से कोई दिक्कत नहीं है। दोनों को उम्मीद है कि इस कदम से आगे का जीवन अच्छा बीतेगा। मुस्कान और वीरू की शादी सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही है। यूजर्स दोनों को सुखद दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद दे रहे है। साथ ही वीरू के इस कदम की चारो ओर जमकर सराहना की जा रही है।