मुंबई : कपिल देव की अगुआई वाली क्रिकेट सलाहकार समिति यहां शुक्रवार को छह उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेगी जिसमें भारत के मुख्य कोच रवि शास्त्री को अपना पद बरकरार रखने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। शास्त्री के अलावा तीन सदस्यों की समिति के समक्ष जो अन्य बड़े नाम प्रस्तुति देंगे उसमें आस्ट्रेलिया के पूर्व आलराउंडर और श्रीलंका के पूर्व कोच टाम मूडी के अलावा न्यूजीलैंड और किंग्स इलेवन पंजाब के पूर्व कोच माइक हेसन शामिल हैं।
भारत की 2007 की विश्व टी20 जीतने वाली टीम के मैनेजर लालचंद राजपूत, मुंबई इंडियन्स के पूर्व मुख्य कोच रोबिन सिंह और वेस्टइंडीज के फिल सिमंस भी दावेदारी पेश कर रहे हैं। सिमंस हाल के समय तक अफगानिस्तान की राष्ट्रीय टीम के कोच थे। शास्त्री का 2017 में भारतीय टीम से मुख्य कोच के रूप में जुड़ने के बाद से रिकार्ड काफी अच्छा है। इस दौरान पिछले साल भारत ने आस्ट्रेलियाई सरजमीं पर पहली बार टेस्ट सीरीज जीती। शास्त्री के मार्गदर्शन में जुलाई 2017 से भारत ने 21 टेस्ट में से 13 में जीत दर्ज की।
टी20 अंतर्राष्ट्रीय में तो प्रदर्शन और भी बेहतर रहा जहां भारत ने 36 में से 25 मैचों में जीत दर्ज की। एकदिवसीय में भी भारतीय टीम 60 में से 43 मुकाबले जीतकर हावी रही। टीम हालांकि विश्व कप 2019 में उनके मार्गदर्शन में सेमीफाइनल से आगे बढ़ने में नाकाम रही। कैरेबियाई सरजमीं पर हालांकि टी20 और एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैचों में भारत का दबदबा दर्शाता है कि टीम इंडिया अधिकांश चीजें सही कर रही है। कप्तान विराट कोहली के सार्वजनिक समर्थन के बाद अगर शास्त्री को 2021 में भारत में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए दोबारा जिम्मेदारी मिलती है तो अधिक हैरानी नहीं होगी।