सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने रविवार को इतिहास रच दिया। भारतीय जोड़ी ने बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में भारत का दूसरा गोल्ड मेडल जीत लिया।
भारतीय जोड़ी ने आठवीं सीड मलेशिया के यीयू सिन ओंग और ई यी तियो को फाइनल में 16-21, 21-17, 21-19 से हराया। उन्होंने पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए अगले दो गेम जीतकर ऐतिहासिक गोल्ड मेडल पर कब्जा किया।
भारत का इस प्रतियोगिता में यह दूसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले दिनेश खन्ना ने 1965 में एकल का स्वर्ण मेडल जीता था। वे एशियाई चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने और फिर गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय जोड़ी बने।
सात्विक और चिराग ने टोक्यो में 2022 विश्व चैंपियनशिप में पुरुष युगल में ब्रांज मेडल जीता था। वे एशियाई टीम चैंपियनशिप (2016, 2020) में दो ब्रांज मेडल पहले जीत चुके हैं।
यह गोल्ड मेडल उनके करियर का सबसे बड़ा मेडल माना जाएगा। उन्होंने बीडब्लूएफ वल्र्ड टूर में पांच खिताब जीते हैं और दो बार उपविजेता रहे हैं।