आईपीएल 2022 का सीजन दिल्ली कैपिटल्स के लिए अब तक तो ठीक ही गया है टीम ने अब तक दो मैच खेल लिए हैं जिसमे से एक टीम ने जीता तो दूसरे में टीम को हार झेलनी पड़ी। लेकिन अब दिल्ली कैपिटल्स और उसके फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी आयी है। जी हां, दिल्ली कैपिटल्स के ओपनर डेविड वार्नर और तेज गेंदबाज एनरिक नोर्खिया अब आईपीएल 2022 में खेलने के लिए तैयार हैं।
इस बात की जानकारी असिस्टेंट कोच शेन वॉटसन ने दे दी। उन्होंने कहा कि डेविड वार्नर और एनरिक नोर्खिया 7 अप्रैल को लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ होने वाले मैच के लिए उपलब्ध होंगे। आपको बता दें डेविड वार्नर हाल ही में पाकिस्तान से लौटे हैं, जबकि एनरिक नोर्खिया चोट से उबर रहे थे। वे काफी समय पहले दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ गए थे, लेकिन उनकी चोट टीम के लिए चिंता का कारण बनी हुई थी। हालांकि, अब वो भी फिट हो गए हैं।
रिषभ पंत की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल के 15वें सीजन के पहले दो मैचों में जिस बात की कमी खली थी, शायद वो कमी अब अगले मैचों में खत्म हो जायगी। दिल्ली कैपिटल्स को एक अच्छा ओपनर और अच्छा गेंदबाज चाहिए। वार्नर और नोर्खिया के आने से दिल्ली की ये कमी दूर हो जाएगी। पृथ्वी शॉ को डेविड वार्नर के रूप में नया जोड़ीदार मिलेगा, जबकि गेंदबाजी में एनरिक नोर्खिया मुस्तफिजुर रहमान के जोड़ीदार बनेंगे।