भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी टेस्ट सीरीज से एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस ने 34 साल की उम्र में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। मालूम हो क्रिस मॉरिस आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे प्लेयर रहे हैं।
मॉरिस ने शेयर किया पोस्ट…
मॉरिस ने अपने संन्यास की घोषणा की जानकारी सोशल मीडिया के जरिये दी है। उन्होंने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर लिखा, आज मैं क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा करता हूं। मेरी यात्रा में हिस्सा लेने वाले सभी लोगों को धन्यवाद। यह एक मजेदार सफर रहा है।
जबकि, मॉरिस के देश के साथी और पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने ऑलराउंडर को शुभकामनाएं देते हुए कहा, एक शानदार करियर के लिए बधाई। वेस्टइंडीज के क्रिकेटर कार्लोस ब्रैथवेट ने लिखा, आपके करियर के लिए बधाई और आपकी नई भूमिका के लिए शुभकामनाएं।
वहीं अपने करियर में फिटनेस के मुद्दों से बाधित रहने वाले मॉरिस ने कहा कि उन्हें आगे दक्षिण अफ्रीका की घरेलू टीम टाइटन्स के साथ एक कोचिंग भूमिका में देखा जाएगा।
बताते चले, मॉरिस ने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स), राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की जर्सी में दिखने के अलावा, अपने देश के लिए चार टेस्ट, 42 वनडे और 23 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले।
दक्षिण अफ्रीका के इस दिग्गज खिलाड़ी ने आखिरी बार 2019 में इंग्लैंड में एकदिवसीय विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका का प्रतिनिधित्व किया था। वह आईपीएल नीलामी में सबसे महंगे खिलाड़ी थे। आईपीएल 2021 की नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 16.25 करोड़ में खरीदा था।