प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने महानतम फुटबॉल खिलाड़ियों में शुमार डिएगो माराडोना के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि अपने करियर के दौरान खेल के मैदान में उन्होंने खेल प्रेमियों को कई बेहतरीन लम्हों का अनुभव कराया। उन्होंने अपने जादूई खेल से लाखों लोगों को सम्मोहित किया।
दुनिया के महानतम फुटबॉल खिलाड़ियों में शुमार 1986 विश्व कप में अर्जेंटीना की जीत के नायक डिएगो माराडोना का बुधवार को 60 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। जिस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘डिएगो माराडोना फुटबॉल के एक दिग्गज खिलाड़ी थे, जिन्हें वैश्विक लोकप्रियता हासिल थी। अपने पूरे करियर के दौरान उन्होंने हमें फुटबॉल के मैदान के कई बेहतरीन लम्हें दिए। उनके असामयिक निधन ने हम सभी को दुखी किया है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।’’
पीएम मोदी के साथ-साथ देश के उप राष्ट्रपति सचिवालय ने वेंकैया नायडू के हवाले से ट्वीट किया,‘‘ उनका अचानक निधन फुटबॉल की दुनिया का एक भारी नुकसान है। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।’’
बता दें कि माराडोना के निधन पर अर्जेंटीना में 3 दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा कर दी गई है। दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों में इस खबर से शोक की लहर दौड़ गई है और सोशल मीडिया पर इस महान फुटबॉलर को श्रद्धांजलि दी जा रही है। दो सप्ताह पहले ही मस्तिष्क के आपरेशन के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई थी।