उत्तर प्रदेश में बुधवार को कोविड-19 के एक दिन में सबसे ज्यादा 20,510 नये मामले सामने आए है। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोविड-19 से संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने बुधवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग के एसीएस अमित मोहन प्रसाद द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार राज्य में 20,510 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या 1,11,835 हो गई है। वहीं बीते 24 घंटे में मरीजों को छुट्टी दी गई है। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या सात लाख से अधिक है। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि यूपी सरकार न केवल आंकड़ों के साथ बल्कि लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रही है। बुधवार को पार्टी नेताओं के साथ एक बैठक को संबोधित करते हुए, प्रियंका ने कहा कि राज्य में स्थिति ‘विस्फोटक’ हो गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार अमानवीय तरीके से व्यवहार कर रही है और अस्पतालों की क्षमता बढ़ाने के बजाय, वह श्मशान की क्षमता बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि यह विपक्षी दल के रूप में कांग्रेस का कर्तव्य है कि वह लोगों की लड़ाई लड़े और जो भी हो सके, उनकी मदद करे। बैठक में पार्टी के सभी मंडल प्रमुख, पूर्व सांसद, विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
प्रियंका अपने पति रॉबर्ट वाड्रा के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद वर्तमान में होम आइसोलेशन में हैं। इससे पहले उत्तर प्रदेश में मंगलवार को कोविड-19 के 18,021 नये मामले सामने आए वहीं संक्रमण से और 85 लोगों की मौत हुई थी। इससे पहले 11 अप्रैल को एक दिन में सबसे ज्यादा 15,353 नए मामले आए थे और 12 अप्रैल को संक्रमण से सबसे 72 लोगों की मौत हुई थी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 9,309 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। प्रसाद के मुताबिक राज्य में अब तक कुल 7,23,582 लोग संक्रमित हुए हैं इनमें से फिलहाल 95,980 मरीजों का इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 3,474 मरीजों को छुट्टी दी गई है। मंगलवार को सबसे ज्यादा 5382 नए मरीज राजधानी लखनऊ में मिले।