उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की स्वार सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी व पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा को 10 मार्च को सब पता चल जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर आजम खां के बेटे अब्दुल्लाह आजम की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि देश तथा प्रदेश में आजम खां की कमी को कोई भी पूरा नहीं कर सकता है। आजम खां ने रामपुर के साथ ही उत्तर प्रदेश का बड़ा विकास किया है।
BJP 10 मार्च को सब पता चल जाएगा :अब्दुल्ला आजम
उन्होंने कहा कि अगर किसी को यह लगता है कि किसी बेगुनाह इंसान को जेल में बंद कर देने को किसी ने अच्छा माना है तो यह भाजपा की गलतफहमी है। भाजपा को 10 मार्च को सब पता चल जाएगा। अब्दुल्लाह आजम ने कहा कि भाजपा के दोनों इंजन अलग दौड़ रहे हैं, यह बात उनका विरोधाभासी बयान ही बताता है। एक तरफ वो कहते हैं कि क्या अगर भाजपा नहीं होती तो आजम खां जेल में होते? वहीं दूसरी ओर योगी आदित्यनाथ कहते हैं कि अखिलेश ही नहीं चाहते कि आजम खां जेल से बाहर आएं। मुझे लगता है यह बेहतर होगा कि भाजपा पहले अपना रुख साफ करें।
योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश पर लगाए थे गंभीर आरोप
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव पर बेहद गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव खुद नहीं चाहते हैं कि आजम खां जेल से बाहर आएं। अगर आजम खां बाहर आ गए तो अखिलेश जी की कुर्सी खतरे में पड़ जाएगी। आजम खां या अन्य लोगों के मामले न्यायालय से जुड़े हैं, इनका राज्य सरकार से कोई लेना-देना नहीं। जमानत देने का अधिकार न्यायालय का होता है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां फर्जीवाड़े के आरोप में एक वर्ष से अधिक समय से सीतापुर की जेल में बंद हैं। अखिलेश यादव खुद नहीं चाहते हैं कि आजम खां जेल से बाहर आएं। अगर आजम खां बाहर आ गए तो अखिलेश जी की कुर्सी खतरे में पड़ जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



