मथुरा जिले में रविवार को सुबह नोएडा से आगरा जा रहे एक ही परिवार के लोग यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसे का शिकार हो गए जिससे तीन महिलाओं और एक बच्ची सहित पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि छठे सदस्य ने इलाज के लिए ले जाते समय दम तोड़ दिया। तीन अन्य गंभीर रूप से घायल लोगों को आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी (देहात) आदित्य कुमार शुक्ला ने बताया, ‘यह दुर्घटना सुबह करीब नौ बजे बलदेव थाना क्षेत्र के माइलस्टोन संख्या 140 की सीमा में हुई। नोएडा से आगरा की ओर जा रहे गौतमबुद्ध नगर के नगर निवासी प्रेमचंद्र शर्मा के परिवार के सदस्यों की कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। ट्रक चालक ट्रक को भगा ले गया।’
उन्होंने बताया, ‘इस घटना में प्रेमचंद्र शर्मा की पत्नी नीरज (25), भाई शिवकुमार की पत्नी अनीता (30) और पुत्री (13), भांजा विष्णु पुत्र सुरेश (25) और भांजी बुलंदशहर के गुलावठी कस्बा निवासी सुलेख कुमार शर्मा की पुत्री करुणा (22) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य ने इलाज के लिए ले जाते समय दम तोड़ दिया। तीन घायलों को आगरा के कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।’ पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर परिजनों को सूचना दे दी है।
हादसे को लेकर योगी दुखी, घायलों के समुचित उपचार के दिए निर्देश
वही, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्सप्रेस-वे पर हुई इस दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि पीड़ितों को अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश भी दिए हैं।