उत्तर प्रदेश में शामली के कांधला क्षेत्र में शुक्रवार को एक पटाखा फैक्टरी में आग लगने से चार लोगों की मृत्यु हो गयी तथा तीन अन्य झुलसकर घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि कांधला नानू पुरी गेट के पास दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पटाखा फैक्टरी में शाम को तेज धमाके के साथ आग लग गई। फैक्टरी में काम करने वाले चार लोगों की मृत्यु हो गई।
पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गये है। आग इतनी भयंकर थी। फैक्टरी के अंदर से पटाखों की तेज धमाके की आवाज रही थी। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची।
सूत्रों ने बताया कि फैक्टरी से मिले शवों में चारों की शिनाख्त हो गई है। मृतकों में तीन महिलाओं में सरस्वती, निर्मला, नरेशो तथा इंतजार नामक युवक शामिल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
त्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विस्फोट की घटना में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त की है।
श्री योगी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि घटना से प्रभावित व्यक्तियों को हर सम्भव राहत पहुंचायी जाए। उन्होंने जिला प्रशासन को घटना के कारणों की जांच के भी निर्देश दिये हैं।