देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। मरकज में शामिल हुए लोगों में कोरोना पाए जाने के साथ ही देश में संक्रमितों की संख्या दुगनी हो गई है। वहीं उत्तर प्रदेश के बागपत से लापरवाही का एक मामला सामने आया है। यहां से एक कोरोना पॉजिटिव मरीज अस्पताल से फरार हो गया है।
बताया जा रहा है कि वह अस्पताल की खिड़की तोड़कर भाग निकला। जानकारी के मुताबिक नेपाल का रहने वाला यह शख्स तीन दिन पहले ही कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। सोमवार रात वह अस्पताल से भाग गया। हालांकि इसकी सुरक्षा में दो पुलिसकर्मी तैनात थे। मरीज के फरार होने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।
पाकिस्तान में कोरोना का इलाज कर रहे डॉक्टरों पर पुलिस ने बरसाए डंडे, कई गिरफ्तार
अधिकारियों के मुताबिक, फरार हुए शख्स तबलीगी जमात से जुड़ा हुआ था, कोरोना के इस मरीज का इलाज खेकड़ा पीएचसी में चल रहा था। देर रात डॉक्टर के स्टाफ को चकमा देकर यह शख्स फरार हो गया। इस शख्स का तीन दिन पहले टेस्ट रिपोर्ट आया था, जिसमें कोरोना की पुष्टि हुई थी। इसके बाद इसे आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। अब शख्स की तलाश की जा रही है।
बता दें, मरकज में शामिल हुए जमातियों के कोरोना से संक्रमित पाए जाने के बाद से प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। पूरे देश में जमातियों की पहचान के लिए सर्च अभियान चलाया गया है। दिल्ली के निजामुद्दीन में मरकज में शामिल हुए कई लोग कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए है।