उत्तर प्रदेश के शामली में शुक्रवार को एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। कैराना में अवैध पटाखा फैक्टरी में तेज धमाके के साथ विस्फोट हुआ। धमाका इतना भीषण था की पूरी फैक्टरी तबाह हो गई है। जानकारी के मुताबिक, अभी तक फैक्टरी में मलबे में दबे चार लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। कई और शव अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका जतायी जा रही है।पुलिस और स्थानीय लोग इन्हें निकालने में जुटे हुए हैं। आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। दीपावली नजदीक होने के कारण यहां बड़ी संख्या में पटाखा बनाने की बात सामने आ रही है।
जानकारी के अनुसार कैराना कस्बे में रजवाहे के किनारे पर स्थित पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार शाम करीब पांच बजे भीषण विस्फोट हुआ। आवास सुनकर बड़े इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा तो फैक्ट्री का मलबा बिखरा पड़ा था। सूत्रों का कहना है कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। लोगों के चीथड़े तक उड़ गए थे। इसलिए मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। एक घायल को अस्पताल भेजा गया है।
अवैध रूप से चलाई जा रही थी फैक्ट्री
पटाखा फैक्ट्री यहां कैसे और कब से चल रही थी। इस बारे में अभी कोई भी बोलने को तैयार नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि यहां अवैध रूप से फैक्ट्री चलाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करा दिया गया है। डीएम जसजीत कौर और एसपी एसपी सूकीर्ति माधव ने मौके पर जाकर मुआयना किया। बताया जाता है कि फैक्ट्री में करीब दो दर्जन लोग काम करते थे। शुक्रवार को इनमें से करीब आधे लोग अवकाश पर थे। इसके फैक्ट्री में 7-8 लोग ही काम पर आए थे।