उत्तर प्रदेश के बरेली में फसल देखने गई नाबालिग लड़की का खेत में शव मिलने से हड़कंप मच गया है। आशंका जताई गई है कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म को अंजाम देने के बाद उसकी हत्या की गई हो। पुलिस ने मामले में गांव के ही छह लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की गई।
बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान ने रविवार को बताया कि शाही थाना क्षेत्र की 11 वर्षीय लड़की शनिवार सुबह आठ बजे के करीब साइकिल से अपने खेत में फसल देखने गई थी। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम को घर से लगभग 800 मीटर दूर गन्ने के खेत के बाहर लड़की की साइकिल व कपड़े और खेत में उसका शव मिला। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने गांव के ही छह लोगों को शनिवार देर रात हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ जारी है। लड़की के परिजनों ने बताया कि लड़की कक्षा छह में पढ़ती थी और पिता की मौत हो जाने के कारण वह अक्सर अपने खेत में फसल देखने जाया करती थी। शनिवार सुबह भी वह खेत के लिए निकली थी लेकिन दोपहर तक नहीं लौटने पर उसकी मां ने उसकी खोजबीन शुरू की और घर वालों ने पुलिस को भी जानकारी दी।
बरेली के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजकुमार अग्रवाल ने आशंका ज़ाहिर की कि किसी परिचित ने इस वारदात को अंजाम दिया और पहचान छिपाने के लिए छात्रा का कत्ल कर दिया। एसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।