कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी के महत्वाकांक्षी कैंपेन ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ की पोस्टर गर्ल ने प्रियंका के ही सचिव पर टिकट देने के लिए घूस मांगने का आरोप लगाया है। कैंपेन की पोस्टर गर्ल डॉक्टर प्रियंका मौर्य ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस में धांधली चल रही है।यह घूस किसी और ने नहीं बल्कि प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह ने मांगी है। पोस्टर में सबसे आगे दिखने वाली डॉक्टर प्रियंका मौर्या ने आरोप लगाया है कि टिकट के लिए उनसे घूस मांगी गई। यह घूस किसी और ने नहीं बल्कि प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह ने मांगी है। प्रियंका मौर्य ने पार्टी पर कई और भी आरोप लगाए हैं।
पार्टी ने बड़ा धोखा किया
लखनऊ की सरोजनी नगर से टिकट का दावा कर रही प्रियंका मौर्य के अनुसार पार्टी ने उनके साथ बहुत बड़ा धोखा किया है। महिला कांग्रेस की मध्य जोन की उपाध्यक्ष प्रियंका मौर्या ने कहा कि मेरे नाम का इस्तेमाल किया गया। मुझे तो यूज किया गया। यह पार्टी तो महिला विरोधी है।
उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष और अखिल भारतीय यूथ कांग्रेस की पूर्वी उत्तर प्रदेश की महामंत्री डॉक्टर प्रियंका मौर्या ने कहा कि यहां तो सारे टिकट पहले से तय थे। सिर्फ दिखावे के लिए स्क्रीनिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमसे कहा गया कि टिकट चाहिए तो मैराथन के लिए लड़कियां लाइये। मैराथन में लड़कियों के साथ बहुत बुरा सुलूक किया गया। स्कूटी देने में भी धांधली की गई।
टिकट काटकर रुद्र दमन सिंह को दे दिया गया
कांग्रेस के शक्ति विधान महिला घोषणा पत्र की पोस्टर गर्ल डॉ. प्रियंका मौर्या ने आरोप लगाया कि धांधली के कारण लखनऊ की सरोजनीनगर विधानसभा सीट से उनका टिकट काटकर रुद्र दमन सिंह को दे दिया गया। डा. प्रियंका मौर्या का आरोप है कि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह ने उनका टिकट कटवाया है।
सूची जारी होने के कुछ घंटे बाद ही डॉ. प्रियंका मौर्या ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट करके कांग्रेस पार्टी में टिकटों की सौदेबाजी का आरोप लगाया। उन्होंने लिखा है कि प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह ने उनसे टिकट के एवज में रुपये के लिए किसी से फोन करवाया था। रुपए न देने पर उनकी जगह किसी और के नाम की घोषणा कर दी। उनका दावा है कि हर आरोप का उनके पास पुख्ता सबूत है जिसे जल्द ही सार्वजनिक करेंगी।
दूसरी जगह से टिकट का आश्वासन
प्रियंका मौर्य ने दावा किया कि अब पार्टी उन्हें दूसरी जगह से टिकट देने की बातें कह रही है। प्रियंका ने कहा कि एआईसीसी सेक्रेटरी शिव पांडेय समेत अन्य लोगों का कहना है कि जो होना था, हो गया, आप कहीं और से आवेदन कर दीजिये। हालांकि प्रियंका ने कहा कि मैंने लगातार यहां पर मेहनत की है। मैं प्रोफेशन से डॉक्टर हूं और यहां पर काम किया है। यह मेरा क्षेत्र है। मैं क्यों दूसरी जगह से टिकट लूंगी। मेरा मकसद केवल राजनीति करना नहीं है। मैं लोगों की मदद के लिए यहां आई हूं।