उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अकसर अपने तल्ख बयानों से उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को घेरते है। ऐसे में अखिलेश ने एक बार फिर यूपी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। सपा प्रमुख अखिलेश ने कहा कि थानो में हो रही बलात्कार की घटनाये उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की पोल खोलती हैं।
यूपी में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची
अखिलेश यादव ने मंगलवार कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। मुख्यमंत्री के दावे कितने खोखले है यह थानों में बलात्कार की आए दिन हो रही घटनाओं से प्रमाणित है। भाजपा-आरएसएस लोकतंत्र विरोधी संगठन है। भाजपा सरकार में इसलिए विपक्ष को अपमानित करने की घटनाएं घोर निंदनीय है।
ओम प्रकाश राजभर के जीवन को खतरा-अखिलेश
उन्होने कहा कि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के जीवन को खतरा है। उन पर पिछले दिनों कई हमले हुए है फिर भी उनकी सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था नहीं की जा रही है। विपक्षी जनप्रतिनिधियों के साथ दुर्व्यवहार लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है। उन्होने की कि विपक्षी नेताओं की पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए जिससे उन्हें जनता के बीच जाने और उसकी आवाज उठाने में कोई खतरा न हो।
दबंगो ने बोला राजभर पर हमला
यादव से आज अरविन्द राजभर (पूर्व राज्यमंत्री) ने भेंट कर ओम प्रकाश राजभर की सुरक्षा पर खतरे की जानकारी दी। उन्होने बताया कि आज ही जिला गाजीपुर के थाना करीमुद्दीनपुर के ग्राम गोशलपुर पहदरिया में राजभर को 20-25 दबंगो ने घेर लिया था। वे लाठी-डंडो से लैस थे। राजभर इसी विधान सभा क्षेत्र से जहूराबाद के विधायक है। ओम प्रकाश राजभर और अरविन्द राजभर पर नामांकन के दौरान वाराणसी में भी हमला हुआ था।