समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश की सियासत के दिग्गज नेता मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। 82 वर्षीय नेता ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सोमवार सुबह अंतिम सांस ली। नेता जी यूरिन संक्रमण, ब्लड प्रेशर की समस्या और सांस लेने में तकलीफ के चलते पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे।
मुलायम सिंह यादव के अस्पताल में भर्ती होने के दिन से ही उनसे मिलने वालों का तांता लगा हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने फोन पर लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजरें बनाए रखी। रविवार को नेताजी का हाल जानने के लिए रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया मेदांता अस्पताल पहुंचे। वहीं इससे पहले AAP सांसद संजय सिंह ने भी उनसे मुलाकात की।
रविवार को गंभीर हुई थी तबियत
मुलायम सिंह यादव की तबियत रविवार को ज्यादा खराब हो गई थी। उन्हें ICU में रखा गया थे। मेदांता के डॉटर ने बताया कि मुलायम सिंह अगस्त महीने से ही अस्पताल में भर्ती थे। उनकी हालत स्थिर हो गई थी, लेकिन फिर उनकी तबियत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया।
UP की सियासत के मुख्य नेता थे मुलायम
मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। उनके पिता सुघर सिंह यादव एक किसान थे। उत्तर प्रदेश की राजनीति हो देश की राजनीति, मुलायम सिंह यादव को प्रमुख नेताओं में गिना जाता हैं। वे तीन बार उत्तर प्रदेश के सीएम रहे और वो केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री भी रह चुके हैं। इसके अलावा मुलायम सिंह 8 बार विधायक और 7 बार लोकसभा सांसद भी चुने जा चुके हैं।