उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव का सियासी दंगल का परिणाम सबके सामने आ गया है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक बार फिर सत्ता संभालने के लिए तैयार है। यूपी विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव रविवार को अचानक लखनऊ में सपा दफ्तर पहुंचे। उनके यहां पहुंचते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।
अखिलेश बहुत अच्छा लड़े तुम, बहुत-बहुत बधाई
इस दौरान विधानसभा रिजल्ट पर मुलायम सिंह का पहला बयान भी सामने आया। मुलायम ने कहा कि अखिलेश बहुत अच्छा लड़े तुम, बहुत-बहुत बधाई। सपा भले ही बहुमत से दूर रह गई लेकिन पिछले चुनाव की तुलना में इस बार करीब ढाई गुना ज्यादा सीटें जीती हैं। सपा गठबंधन को 125 सीटों पर सफलता मिली है।
तीनों जगह सपा को जीत भी मिली है
इस बार चुनाव प्रचार की पूरी बागडोर अखिलेश यादव ने ही संभाल रखी थी। मुलायम ने केवल अखिलेश के लिए मैनपुरी की करहल और अपने पुराने मित्र पारसनाथ के बेटे लकी के लिए जौनपुर की मल्हनी सीट पर प्रचार किया था। इसके अलावा वह इटावा में सपा के रोड शो में भी नजर आए थे। तीनों जगह सपा को जीत भी मिली है। मल्हनी सीट पर सपा प्रत्याशी लकी यादव ने बाहुबली जेडीयू प्रत्याशी पूर्व सांसद धनंजय सिंह को हराया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और शिवपाल यादव भी मल्हनी गए थे।
सपा गठबंधन को 125 सीटों पर जीत मिली है
2017 के विधानसभा चुनाव में पारस यादव को यहां से जीत मिली थी। उनके निधन पर हुए उपचुनाव में बेटे लकी ने जीत हासिल की। उस समय यूपी की सात सीटों पर उपचुनाव हुआ था। सपा के खाते में यही इकलौती सीट आई थी। यूपी चुनाव में इस बार भाजपा गठबंधन को 273 सीटों पर जीत मिली हैं, इसमें भाजपा को 255, अपना दल (एस) को 12, और निषाद पार्टी को 6 सीटें मिली हैं। वहीं, सपा गठबंधन को 125 सीटों पर जीत मिली है। सपा को 111, आरएलडी को 8 और एसबीएसपी को 6 सीट पर कामयाबी मिली है।