न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया ने जबरदस्त आतिशबाजी के साथ नए साल ने दस्तक दे दी है। इस दौरान इन देशों के शहरों सिडनी , ऑकलैंड और वेलिंगटन में भारी आतिशबाजी हुई और बहुत धूम-धाम रही। जैसे ही घड़ी ने रात के बारह बजाए ऑस्ट्रेलिया (Australia) के पास स्थित समोआ और क्रिसमस द्वीप के करीब 1 घंटे बाद न्यूजीलैंड (New Zealand) नये साल 2020 में प्रवेश करने वाला पहला (बड़ा) देश बन गया।
बुधवार को न्यूजीलैंड में ऑकलैंड के 328 मीटर ऊंचे स्काई टावर से आतिशबाजी की गई। शहर के बंदरगाह पर रात के आकाश में चमकती रंगीन आतिशबाजी और लेजर लाइटिंग (Laser Lighting) के गवाह समुद्र तट पर मौजूद हजारों लोग बने। स्थानीय प्रसारक TVNZ के मुताबिक स्काई टावर को 3,500 इफेक्ट्स से सजाया गया था।
भारत में भी लोग बेसब्री से 2020 का इंतजार कर रहे हैं। यहां भी लोगों ने इसके लिए खास तैयारियां की है। नए साल के दिन राजधानी दिल्ली के इंडिया गेट पर काफी संख्या में लोग जुटते हैं। इस दौरान शांति-व्यवस्था बनी रहे इसके लिए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जाते हैं।
31 दिसंबर की मध्य रात्रि को सेंट्रल दिल्ली के इलाकों में भारी जाम भी लगता है। इसलिए इंडिया गेट की तरफ रात में जाने वाले लोग पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। देश के अन्य शहरों की बात करें तो मुंबई में भी लोग नए साल पर जमकर जश्न मनाते हैं। यहां समंदर किनारे लोगों की काफी भीड़ जुटती है।
न्यू ईयर पर चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, अहमदाबाद, तिरुवनंतपुरम, हैदराबाद, लखनऊ, पटना जैसे शहरों में भी खास तैयारियां की जाती हैं। इन शहरों के फेवरेट स्पॉट पर लोग एकत्रित होते हैं। न्यू ईयर के अवसर पर पुलिस की तरफ से भी खास तैयारियां की जाती है जिससे किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो।