भारत समेत दुनियाभर में कोरोना वायरस का कहर तेजी से बढ़ रहा है। इस बीच, पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में कोरोना के मामले 50 हजार के पार हो चुके हैं। पाकिस्तान में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,603 नए मामलों की पुष्टि हुई हैं साथ ही 50 और लोगों की मौत हो गई है। 2603 नए मामलों के साथ देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 50,694 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को अपने नवीनतम अपडेट में यह जानकारी दी।
लोकल समाचार के मुताबिक, पाकिस्तान में पिछले 24 घंटों में 2,603 नए मामले सामने आए हैं और 50 मौतें हुई हैं। जिसके बाद देश में मृतकों की संख्या बढ़कर 1,067 हो गई है। कुल मिलाकर, 34,426 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है, जबकि 15,201 पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं, जो कुल कन्फर्म मामलों का 30 प्रतिशत है। सिंध प्रांत 19,924 मामलों के साथ सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र है, इसके बाद पंजाब प्रांत में 18,455 मामले हैं। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में 365 मौतों के साथ 7,155 मामले सामने आए हैं।
वहीं, दक्षिण-पश्चिम बलूचिस्तान प्रांत में कम से कम 3,074 मामले सामने आए हैं, जबकि राजधानी इस्लामाबाद में 1,326 और उत्तरी गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र में 602 मामले हैं। मंत्रालय ने कहा कि सिंध में 336 मौतें हुई हैं, वहीं पंजाब में 310 लोगों ने जान गंवाई है। पाकिस्तान में अब तक आधिकारिक तौर पर 445,987 लोगों की जांच हुई है। पाकिस्तानी सरकार ने 9 मई से लॉकडाउन में ढील देना शुरू कर दिया जिसका उद्देश्य देश में मजदूर वर्ग और गरीबों पर लॉकडाउन के प्रभाव को कम करना था। पाकिस्तान में घरेलू उड़ान संचालन और ट्रेन सेवाओं को भी आंशिक रूप से बहाल किया गया है।