पाकिस्तान के अशांत दक्षिण पश्चिमी प्रांत बलूचिस्तान के सिबी जिले में हुए ब्लास्ट में कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई है और 29 लोग घायल हो गए हैं। यह रिपोर्ट पाकिस्तानी अखबार डॉन ने बलूचिस्तान के स्वास्थ्य विभाग के समन्वयक डॉ वसीम बेग के हवाले से दी है। विस्फोट की प्रकृति का अभी पता नहीं चल सका है। हमले की जिम्मेदारी फौरन किसी भी संगठन ने नहीं ली है।
विस्फोट में पांच घायलों की हालात गंभीर
सिबी जिले में थांडी सरक के पास हुए विस्फोट में पांच घायलों की हालात गंभीर बताई जा रही है। घायलों को स्थानीय सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है।स्थानीय सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक सरवर हाशमी ने बताया है कि घायलों में अधिकांश सुरक्षाकर्मी थे। गंभीर रूप से घायलों में से पांच को क्वेटा ले जाया गया।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री कड़ी निंदा की
घटना को लेकर बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर अब्दुल कुद्दुस बिजेंजो ने विस्फोट की कड़ी निंदा की है और अधिकारियों से विस्फोट में घायल हुए लोगों को हर संभव चिकित्सा उपचार मुहैया कराने का आदेश दिया है।
सीपीईसी को लेकर रहा है विवाद
बलूचिस्तान की सीमा ईरान और अफगानिस्तान से लगती है और यहां लंबे वक्त से विद्रोह भड़का हुआ है। बलूच विद्रोही समूहों ने अतीत में चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) परियोजना और सुरक्षा कर्मियों को निशाना बनाकर कई हमले किए हैं।