कोरोना वायरस के बढ़ते कहर के बीच दुबई हवाई अड्डे पर 6 भारतीय पिछले पांच दिनों से फंसे हुए हैं। कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए भारत सरकार बाहर से आने वाली सभी उड़ानों पर रोक लगा दी है, इसी के चलते दुबई में फंसे 6 भारतीय को स्वदेश वापसी के लिए कोई उड़ान नहीं मिल पा रही है।
दुबई में फंसे छह भारतीय विभिन्न यूरोपीय देशों से 18 मार्च को दुबई पहुंच थे और उन्हें उसी शाम नई दिल्ली जाने वाले विमान पर सवार होना था। लोकल मीडिया में छपी खबर के मुताबिक छह भारतीय विमान पर नहीं चढ़ पाए क्योंकि उसी दिन भारत ने यूरोप से आने वाले सभी यात्रियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया था। तभी से वे यात्री दुबई हवाई अड्डे के टर्मिनल तीन पर फंसे हुए हैं
छह भारतीयो में से तीन यात्री पंजाब के रहने वाले हैं और अन्य तीन राजस्थान, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के निवासी हैं। लोकल मीडिया में छपी खबर के अनुसार दिल्ली के निवासी दीपक गुप्ता ने कहा, “हमें समझ में नहीं आ रहा है कि क्या करें। हम हवाई अड्डे की बेंच पर सो रहे हैं। मैं नहीं जानता यह गतिरोध कब तक जारी रहेगा। पहले हम सात लोग थे लेकिन एक यात्री रविवार को वापस फ्रांस चला गया क्योंकि वह इंतजार कर के थक गया था।”
वहीं, हिमाचल प्रदेश के अजमेर सिंह ने कहा कि वह अवसाद में जाने की कगार पर है। यात्रियों ने कहा कि उन्होंने भारतीय वाणिज्य दूतावास से कई बार बात की लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला।दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी नीरज अग्रवाल ने बताया कि वे मामले को सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं। अग्रवाल ने कहा, “हमें मामले की जानकारी है। दुर्भाग्यवश वर्तमान स्थिति में हम इतना ही कर सकते हैं। हवाई अड्डे के होटलों में जगह खाली नहीं है इसलिए हम उन्हें वहां कमरा नहीं दिला सकते। हम उन्हें भारत भी नहीं भेज सकते। हम फंसे हुए व्यक्तियों की समस्या सुलझाने के लिए विमानन कंपनियों और स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं।’’