*पटना सिटी संवादाता। एनएमसीएच में कोरोना विस्फोट हो गया है। शनिवार को कुछ चिकित्सकों के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद रविवार को 194 जूनियर और सीनियर डॉक्टरों की कोविड जांच के लिए नमूने लिए गए। सभी नमूनों की आरटी पीसीआर जांच की गयी। इसमें 75 डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके बाद सभी नमूनों की दोबारा आरटी पीसीआर जांच कराई गई। उसमें भी 75 नमूनों में कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
अधीक्षक डॉ बिनोद कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमित होने वालों में विभिन्न विभागों के सीनियर और जूनियर डॉक्टर शामिल हैं। इसमें 5 डॉक्टर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती हुए हैं। यहां पहले से 2 मरीज भर्ती थे, जिससे कोरोना पॉजिटिव मरीजों के भर्ती होने की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। अन्य संक्रमित चिकित्सक होम आइसोलेशन में हैं। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के बीच आगे की जाने वाली कार्रवाई पर मंत्रणा चल रही है।
वहीं गुरु गोविंद सिंह सदर अस्पताल के हेल्थ मैनेजर भी कोरोना पॉजिटिव हो होम आइसोलेशन में हैं। तख्तश्री हरिमंदिर जी पटना साहिब के परिसर में चलने वाले रेल रिजर्वेशन काउंटर पर कार्यरत क्लर्क भी कोरोना पॉजिटिव हो गया है। वहीं धवलपुरा की रहने वाली 48 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव हो एनएमसीएच में इलाज को भर्ती हुई है।