राष्ट्रीय राजधानी में आंतकवादी हमले की संभावना को लेकर खुफिया जानकारी मिलने के बाद दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खुफिया एजेंसियों ने आतंकवादी हमले करने की नीयत से चार से पांच लोगों के दिल्ली में दाखिल होने की संभावना व्यक्त की है, जिसे लेकर पुलिस को अलर्ट किया गया है।
सूत्रों ने कहा कि सभी 15 जिला पुलिस के साथ-साथ अपराध शाखा और विशेष प्रकोष्ठ को भी अलर्ट किया गया है। दिल्ली की सीमाओं पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसके अलावा बाजार क्षेत्रों और अस्पतालों पर नजर रखी जा रही है। सूचना के अनुसार जम्मू-कश्मीर से आतंकवादियों का एक समूह दिल्ली और इसके आसपास के क्षेत्रों में हमला करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी की ओर रवाना हो सकता है।
शहर में सभी रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जम्मू-कश्मीर में जारी ‘अनलॉक-1’ के बीच हाल के दिनों में आतंकवादी गतिविधियों में तेजी आई है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूर्वी लद्दाख में भारत-चीन तनाव के मद्देनजर सतर्कता बढ़ा दी है।